नई दिल्ली/ 1 अगस्त छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में माओवादी उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियानों, उनकी सफलता और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक हुई 33 बड़ी मुठभेड़ों में 445 माओवादी मारे गए हैं, जबकि 1554 को गिरफ्तार किया गया है और 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने राज्य सरकार की “समन्वित विकास और सुरक्षा” नीति की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से माओवादी प्रभाव में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें “ऐतिहासिक” बताया और केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की योजना साझा की, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत और विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में विकास और सुरक्षा में सहयोग के लिए गृह मंत्री को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।