धमतरी/ 20 जुलाई सावन माह की पुण्य बेला में धमतरी की धार्मिक चेतना एक नए शिखर पर पहुंची, जब शीतलेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा आयोजित 151 पार्थिव शिवलिंगों के रुद्राभिषेक एवं महाशिव पूजन कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर शिवभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की।
नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने विधिपूर्वक पूजा अर्पण कर नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “सावन शिव आराधना का महीना है और धमतरी की भूमि धर्म और संस्कृति की जीवंत पहचान है।”
इस अवसर पर नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन, MIC सदस्य हिमानी साहू, विभा चंद्राकर, कुलेश सोनी, चंद्रभागा साहू, अनिता अग्रवाल, मुकेश शर्मा एवं कुंदन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी रुद्राभिषेक कर श्रद्धा व्यक्त की।
पूजन स्थल पर वातावरण शिवमय हो गया। मंत्रोच्चार, भजनों की गूंज और भक्तों की आस्था ने आयोजन को दिव्यता प्रदान की। समिति द्वारा भव्य व्यवस्था की गई थी, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर जनप्रतिनिधियों ने समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ते हैं और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाते हैं।