धमतरी। मगरलोड जनपद क्षेत्र के ग्राम बोरसी में 12 जुलाई 2025, शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं की भयावह लापरवाही सामने आई, जहाँ रोपा लगाने खेत गई महिला अनसूइया सिन्हा बेहोश हो गईं और समय पर इलाज न मिलने से उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने महिला को तत्काल उप-स्वास्थ्य केंद्र बोरसी पहुँचाया, लेकिन वहां चार कर्मचारी पदस्थ होने के बावजूद ताला लटका मिला। कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। 108 संजीवनी एंबुलेंस को कॉल किया गया, जो 1:30 बजे के बाद रिसीव हुआ और 2 घंटे की देरी से पहुंचा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के बाद जनपद सदस्य दुर्गेश नंदिनी साहू, सरपंच नूतन निषाद, सुदर्शन सिन्हा, दुर्गेश निषाद, खोजन सिन्हा, मोहन, नंद कुमार निषाद, पिंटू साहू, मोनू निषाद, विश्व लाल निषाद, भोलाराम साहू समेत कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। सभी ने दोषी स्वास्थ्य विभाग और 108 सेवा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।