सुरक्षा उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की बारीकी से की गई जांच — बस संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश
धमतरी/ 11 नवम्बर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसपी धमतरी के निर्देश पर डीएसपी (ट्रैफिक) एवं ट्रैफिक इंचार्ज के मार्गदर्शन में धमतरी यातायात पुलिस द्वारा शहर एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित यात्री बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया।
सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच
जांच के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने सभी यात्री वाहनों में लगे प्राथमिक उपचार पेटी (First Aid Box), अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) तथा आपातकालीन द्वार (Emergency Exit) की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।
पुलिस टीम ने यह सुनिश्चित किया कि सभी उपकरण कार्यशील हों और यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपयोग में लाए जा सकें।
बस संचालकों को दिए निर्देश
विशेष रूप से बस संचालकों और चालकों को निम्न निर्देश दिए गए —
-
प्रत्येक बस में कम से कम दो अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखें।
-
वाहन में ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल, डीज़ल, पटाखे, एलपीजी सिलेंडर) का परिवहन कदापि न करें।
-
बसों के आपातकालीन द्वार सदैव कार्यशील एवं खुली स्थिति में रहें, इसकी समय-समय पर जांच करें।
-
बस में पैनिक बटन, सुरक्षा हथौड़ी एवं लोहे की रॉड जैसे उपकरण अवश्य रखें, ताकि आकस्मिक स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जागरूकता एवं सुरक्षा पर बल
इस दौरान यातायात पुलिस ने चालकों एवं परिचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने के लिए जागरूक किया।
जन अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं बस संचालकों से अपील की है कि —
“अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल डायल 100, 112 या 108 पर सूचना दें।”
यातायात पुलिस धमतरी का उद्देश्य — “सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित जीवन।”
