कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर दी शुभकामनाएं
धमतरी/ 11 नवम्बर नशा मुक्ति का संदेश लेकर जिले के ग्राम पतेरापारा निवासी युवा तुलसीराम साहू आज साइकिल यात्रा पर धमतरी से नागपुर (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुए। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके जुझारू एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना की।
कलेक्टर मिश्रा ने यात्रा से पहले तुलसीराम से आत्मीय बातचीत की और यात्रा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सर्द मौसम को देखते हुए आवश्यक सामग्री व गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी।
कलेक्टर ने कहा, “आपका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। दृढ़ संकल्प और सामाजिक चेतना से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।”
छह राज्यों की कर चुके हैं साइकिल यात्रा
उल्लेखनीय है कि तुलसीराम साहू इससे पहले भी साइकिल से छह राज्यों—छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने 32 दिनों में लगभग 5200 किलोमीटर का सफर तय किया था। यह यात्रा उन्होंने 6 अप्रैल 2025 (रामनवमी) को मां विंध्यवासिनी मंदिर, धमतरी से शुरू की थी, जिसका उद्देश्य था— “नशे के खिलाफ जन-जागृति।”

अनुभव से निकला अभियान
तुलसीराम ने बताया कि नशा विरोध अभियान की प्रेरणा उन्हें व्यक्तिगत अनुभवों से मिली। उनके छोटे भाई की मानसिक स्थिति नशे की लत से बिगड़ गई थी। इसके अलावा उन्होंने बचपन में कई बच्चों को नशे की चपेट में आते देखा था। इन घटनाओं ने उन्हें समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि नागपुर पहुंचने के बाद वे 16 नवम्बर को धमतरी लौटेंगे।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पवन प्रेमी, उप संचालक डॉ. मनीषा पांडे, तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
