धमतरी। रविवार 25 मई को गंगरेल बांध से लापता हुए युवक का 84 घंटे के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया में डूबने की आशंका के चलते गोताखोरों द्वारा लगातार पानी में उतरकर खोजबीन की गई। लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या वह युवक वाकई में नहाने के लिए डेम में उतरा था?
दरसअल धमतरी जिले के गंगरेल बांध में रविवार को काफी बड़ी संख्या में भक्त, माता का दर्शन करने पहुंचते हैं। यहां पर सुबह से ही लोग स्रान करने के लिए गंगरेल बांध की ओर जाते हैं। इसी बीच रविवार को एक युवक अपने कर्मचारी के साथ गंगरेल बांध में अंगारमोती मंदिर के पीछे नहाने गया। ब्रश और टूथपेस्ट भूलने पर अपने कर्मचारी को लेने भेजा। जैसे ही कर्मचारी वापस लौटा, पानी के किनारे मोबाइल, कपड़ा और चप्पल रखा पाया। परंतु युवक का कुछ पता नहीं चला। इन सभी समान को देखने से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। डूबने की आशंका के चलते रुद्री थाना पुलिस को सूचना दी गई। गोताखोर सहित एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। उनके द्वारा भी खोजबीन की गई।
ज्ञात हो कि कवर्धा निवासी हेमंत चंद्रवंशी 30 वर्ष 24 मई को गंगरेल बांध आया था। अपने कर्मचारी के साथ रिसोर्ट में रुका था। 25 मई को सुबह टहलते हुए अपने कर्मचारी के साथ गंगरेल बांध के अंगारमोती मंदिर के पीछे नहाने गया। इसके बाद अपने कर्मचारी को ब्रश लेने भेजा। कर्मचारी खरीद कर जैसे ही लौटा वहां पर हेमंत चंद्रवंशी लापता था। इसके बाद आसपास उन्होंने छानबीन की तो वह नहीं मिला। कर्मचारी ने पुजारी से संपर्क किया। रुद्री थाना में सूचना दी गई। मौके पर रुद्री थाना पुलिस पहुंची। मौके पर मोबाइल, कपड़ा और चप्पल दिखने से कर्मचारी द्वारा पानी में डूबने की आशंका जताई गई। इस आधार पर गोताखोरों को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाकर खोजबीन की गई। उनके द्वारा अंडरवाटर कैमरा से भी तलाशी ली गई। 84 घंटे के बाद भी बुधवार शाम तक हेमंत चंद्रवंशी कहीं नहीं मिला है। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए हैं। लेकिन उनसे भी कोई खास इनपुट नहीं मिल पाया है। अमुमन यदि कोई बांध में डूबता है तो 24 घंटे में उसकी लाश ऊपर आ जाती है।
इस संबंध में रूद्री थाना प्रभारी अमित बघेल ने बताया कि लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बांध में गोताखोरों से भी खोजबीन करवाई गई। मोबाईल और कपड़ा छूटा हुआ था। मोबाईल में भी कोई खास दस्तावेज नहीं है। बहुत कम फोटो पाए गए हैं। कर्मचारी और परिजन से भी कुछ खास जानकारी नहीं मिल पाई है। सभी एंगल से जांच की जा रही है। वह युवक अविवाहित है।