धमतरी। शहर के गोकुलपुर वार्ड में लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या पर आखिरकार निगम प्रशासन ने संज्ञान लिया है। सोमवार को जल विभाग के अध्यक्ष अखिलेश सोनकर, वार्ड पार्षद गजेंद्र कंवर तथा जल विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से वार्ड का निरीक्षण कर समस्या की जमीनी हकीकत को परखा।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में संचालित मोटर पंपों की स्थिति की गहन जांच की गई, जिनमें से कई पंप खराब पाए गए। तत्पश्चात जल विभाग के अध्यक्ष ने तत्काल सुधार कार्य आरंभ कराने के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर ही खराब पंपों को सुधारने का कार्य शुरू कराया और यह सुनिश्चित किया कि कार्य पूर्ण होने तक संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी स्थल पर उपस्थित रहें।
श्री सोनकर ने बताया कि, गोकुलपुर वार्ड में नागरिकों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतें लगातार मिल रही थीं। हमने पार्षद के साथ वार्ड का भ्रमण कर लोगों से सीधे मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। खराब मोटर पंप और तकनीकी खामियों को ठीक करने के लिए विभागीय टीम को तत्काल कार्य पर लगाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुधार कार्यों के बाद गोकुलपुर में जल आपूर्ति व्यवस्था में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा और नागरिकों को समय पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने निगम प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी इस प्रकार की समस्याओं का त्वरित समाधान होता रहेगा।