दुर्ग/ भिलाई के जामुल में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दामाद पर अपने ही ससुर को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगा है। बुजुर्ग की हालत गंभीर है और आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात करीब 1 बजे का वक्त था। बसंत विश्वकर्मा अपने, घर में चादर ओढ़कर सोए हुए थे। तभी अचानक किसी ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब वे झटके से उठे तो देखा कि उनका दामाद प्रभु आग लगाकर वहां से भाग रहा था।
जलन की तकलीफ से तड़पते हुए बसंत किसी तरह बाहर निकले और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इस आगजनी में बसंत के चेहरे, गले, हाथ और पीठ बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बसंत ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी यमुना ने प्रभु से प्रेम विवाह किया था। दोनों कुछ समय से नारथा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। लेकिन कुछ दिन पहले यमुना बिना बताए कहीं चली गई है।