सुशासन तिहार के अंतिम दिन धमतरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
धमतरी/ सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को धमतरी पहुंचे। पुरानी कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा में उन्होंने हाईटेक बस स्टेंड, ऑडिटोरियम, सडक़ चौड़ीकरण, नगरी रोड नवीनीकरण के लिए 213 करोड़ की सौगात दी। कांग्रेस पर किया कटाक्ष कहा उन्होंने गरीबों का हक छीना था।
सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मई को धमतरी पहुंचे। बारिश के बीच वे रूद्री हेलीपेड में उतरे। जहां महापौर रामू रोहरा, नेहरू निषाद, अरूण सार्वा, इंदर चोपड़ा, रंजना साहू, प्रकाश बैस, अविनाश दुबे, शशि पवार, बिथिका विश्वास, महेन्द्र पंडित, खूबलाल ध्रुव, पवन गजपाल, पिंकू साहू सहित कलेक्टर, एसपी एवं अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। वे सीधे कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम स्थल में पहुंचे। पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।
मंच में उनके साथ आदिमजाति कल्याण मंत्री केदार कश्यप, जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, पिछड़ावर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, रंजना साहू, नगर निगम स्पीकर कौशिल्या देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, प्रितेश गांधी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव बसवा राजू, रायपुर आईजी रामगोपाल गर्ग, रायपुर कमिश्नर महादेव कावरे, धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी सूरज सिंह परिहार आदि मौजूद थे। आभार आयुक्त प्रिया गोयल ने किया।
महापौर ने रखी मांग
स्वागत भाषण में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह सौभाग्य है कि धमतरी में मुख्यमंत्री का आगमन हुआ है। जिले में 95 प्रतिशत और नगर निगम में 97 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण हो चुका है। उन्होंने सडक़ चौड़ीकरण, बस स्टेंड, गोकुल नगर जैसी मांगे रखी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले का प्रतिवेदन पढ़ा। बताया कि 2 लाख 27 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। 95 प्रतिशत का निराकरण हो गया है। इसमें 4000 हजार शिकायत है बाकि मांगे थी। तीसरे 40 शिविर का आयोजन किया गया। सभा को मंत्री केदार कश्यप, टंकराम वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी संबोधित किया।
महतारी वंदन का पोर्टल खोला जाएगाः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 5 साल कांग्रेस के शासन काल में गरीबों का हक छीना गया। अब हमारी सरकार उन्हें दे रही है। सभी जगह जाकर सुशासन तिहार में रिपोर्ट कार्ड पेश किया गया। तीन चरण में यह सुशासन तिहार चला। समस्याओं का निराकरण हो रहा है। कलेक्टर की तारीफ करते हुए कहा कि यहां 95 प्रतिशत समस्या का निराकरण हो चुका है। सरकार की नीति और नियत दोनों स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि नये विवाहित महिलाओं के लिए बहुत जल्द महतारी वंदन पोर्टल को खोला जाएगा। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। अंत में अपना पिटारा खोलते हुए उन्होंने हाईटेक बस स्टेंड के लिए 18 करोड़, सर्व सुविधायुक्त ऑडिटोरियम के लिए 10 करोड़ 50 लाख, सिहावा चौक से कोलियारी तक फोर लेन 5 किमी सडक निर्माण के लिए 69 करोड़, रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक फोन लेन सडक़ के लिए 56 करोड़, धमतरी से नगरी मुख्य मार्ग नवीनीकरण और मजबूतीकरण के लिए 60 करोड़ समेत इस तरह कुल 213 करोड़ की सौगात दी।